हरदोई, सण्डीला।
हरदोई जनपद के आकांक्षात्मक विकास खण्ड सण्डीला में मुख्यमंत्री फेलो (CM Fellow) किरण कुमारी ने किचन गार्डन की एक नवाचारी पहल की है, जिसने न सिर्फ ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया, बल्कि उनके स्वास्थ्य और पोषण स्तर में भी उल्लेखनीय सुधार किया है।
सीएम फेलो किरण कुमारी ने बताया कि सण्डीला क्षेत्र में विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं में कुपोषण की स्थिति को देखते हुए यह पहल शुरू की गई। उन्होंने महिलाओं को अपने घरों में ही पोषक सब्जियाँ उगाने के लिए प्रेरित किया, जिससे उन्हें ताज़ा और सस्ता भोजन आसानी से उपलब्ध हो सके।
इस प्रयास में मेल-जोल संस्था और जिला कार्यक्रम अधिकारी (एडीपीओ) का सहयोग भी सराहनीय रहा। सामूहिक प्रयासों से सण्डीला ब्लॉक में लगभग 300 किचन गार्डन तैयार किए गए हैं, जो अब नियमित रूप से फल-फूल रहे हैं। इन किचन गार्डनों ने न केवल महिलाओं की भोजन संबंधी आवश्यकताओं को पूरा किया, बल्कि उनके आत्मविश्वास को भी बढ़ाया है।
इस सफलता को देखते हुए अब जिले के अन्य विकास खण्डों के ग्राम प्रधान भी अपने गाँवों में इस मॉडल को अपनाने के लिए आगे आ रहे हैं। किचन गार्डन की यह पहल महिला सशक्तिकरण, पोषण सुधार और सामुदायिक विकास की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम बन चुकी है।
