सीएम योगी आदित्यनाथ ने लिया यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो की तैयारियों का जायजा

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट पहुंचे। यहां उन्होंने 25 सितंबर से शुरू होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के तीसरे संस्करण की तैयारियों की समीक्षा बैठक की। इस दौरान सीएम ने अफसरों को सख्त निर्देश दिए कि आयोजन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो और सभी व्यवस्थाएं उच्च स्तर की हों।

मुख्यमंत्री के साथ जिले के कई बड़े जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी मौजूद रहे। इनमें पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद डॉ. महेश शर्मा, दादरी विधायक तेजपाल नागर, जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह, गौतमबुद्ध नगर की पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह, जिलाधिकारी मनोज कुमार रूपम सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे। बैठक में आयोजन से जुड़े सभी पहलुओं पर चर्चा की गई, जैसे—आगंतुकों की सुविधा, प्रदर्शनी स्थल की व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा और वीआईपी मूवमेंट।

गौरतलब है कि इस बार के ट्रेड शो के उद्घाटन समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आने की संभावना है। इसे ध्यान में रखते हुए तैयारियों को और भी मजबूत किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन उत्तर प्रदेश की समृद्ध परंपरा, उद्योग और निवेश की ताकत को दुनिया के सामने पेश करने का अवसर है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यहां आने वाले उद्यमियों, निवेशकों और विदेशी प्रतिनिधियों के लिए बेहतर से बेहतर माहौल उपलब्ध कराया जाए।

इस बीच एक्सपो मार्ट और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। जगह-जगह पुलिस बल और सुरक्षा कर्मी तैनात किए गए हैं। यातायात को सुचारू रखने के लिए बैरिकेडिंग और वैकल्पिक मार्ग की योजना भी बनाई जा रही है।

यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का यह तीसरा संस्करण प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई दिशा देने वाला माना जा रहा है। इससे न सिर्फ बड़े निवेश की संभावनाएं बढ़ेंगी बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन प्रदेश को “ट्रेड हब” बनाने की दिशा में अहम कदम है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *