उत्तर प्रदेश विधानसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में महाकुंभ का विशेष रूप से उल्लेख किया और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि महाकुंभ को बदनाम करने की साजिश की जा रही है और झूठे वीडियो प्रसारित किए जा रहे हैं।
संगम के जल की गुणवत्ता पर चर्चा करते हुए सीएम योगी ने कहा कि यह जल स्नान और आचमन दोनों के लिए उपयुक्त है। उन्होंने बताया कि संगम के जल में ऑक्सीजन का स्तर 8 से 9 तक है, और गंगा-यमुना में गिरने वाले सभी नालों को ट्रीटमेंट के बाद ही छोड़ा जा रहा है। राज्य सरकार और यूपी प्रदूषण बोर्ड जल को स्वच्छ बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर आरोप लगाते हुए कहा कि यह आयोजन सरकार का नहीं, बल्कि समाज का है, और सरकार केवल सेवक की भूमिका निभा रही है। उन्होंने महाकुंभ में क्रिकेटर मोहम्मद शमी के स्नान का भी जिक्र किया और कहा कि सनातन धर्म सभी के लिए है, इसमें किसी के साथ भेदभाव नहीं हुआ।
इसके अलावा, उन्होंने महाकुंभ में हुई भगदड़ और सड़क हादसों पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जिन लोगों की जान गई, सरकार उनके परिजनों के साथ है और हरसंभव मदद की जाएगी।
