सुप्रीम कोर्ट में 8 साल बाद वकील के रूप में लौटे अभिनव चंद्रचूड़, हाई-प्रोफाइल केस में पहली पेशी से चर्चा में

14 फरवरी की सुबह 10:30 बजे सुप्रीम कोर्ट में रोजाना की तरह सुनवाई शुरू हुई। मुख्य न्यायाधीश संजीव खन्ना की बेंच केसों की सुनवाई कर रही थी, तभी एक वकील ने सभी का ध्यान खींचा। यह वकील थे अभिनव चंद्रचूड़, जो बॉम्बे हाई कोर्ट में प्रैक्टिस करते हैं और पूर्व मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ के बेटे हैं।

अभिनव चंद्रचूड़ पिछले 8 साल 6 महीने से सुप्रीम कोर्ट में पेश नहीं हुए थे। लेकिन 10 नवंबर 2024 को उनके पिता के रिटायर होते ही, उन्होंने 11 नवंबर से सुप्रीम कोर्ट में केसों की पैरवी शुरू कर दी। हालांकि, इस पर किसी ने ज्यादा ध्यान नहीं दिया था। लेकिन जब उन्होंने हाई-प्रोफाइल “इंडिया गॉट लेटेंट” विवाद में यूट्यूबर रणवीर इलाहाबादिया की ओर से वर्चुअली कोर्ट में पेश होकर जल्द सुनवाई की मांग की, तो यह मामला चर्चा में आ गया।

मुख्य न्यायाधीश खन्ना ने इस मामले पर सुनवाई की तारीख तय नहीं की, लेकिन जल्द इसे सूचीबद्ध करने का आश्वासन दिया।

दिलचस्प बात यह है कि अभिनव ने अपने पिता के कार्यकाल के दौरान कभी सुप्रीम कोर्ट में केस नहीं लड़ा, ठीक वैसे ही जैसे जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ ने अपने पिता, जस्टिस वाईवी चंद्रचूड़, के सीजेआई रहने के दौरान सुप्रीम कोर्ट में प्रैक्टिस नहीं की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *