नोएडा के इकोटेक-3 थाना क्षेत्र के कुलेसरा स्थित संजय विहार कॉलोनी में हुए सनसनीखेज हत्याकांड का सूरजपुर पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी किरायेदार इम्तियाज को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना 25 तारीख की रात की है, जब मकान मालिक दिनेश गौर, जो दिल्ली के कुंडली में क्लीनिक चलाते थे, अपने मकान पर आए थे। नशे की हालत में दिनेश ने तीसरी मंजिल पर रहने वाले किरायेदार इम्तियाज और उसकी प्रेमिका को अपने कमरे में बुलाया। बाद में, उन्होंने इम्तियाज को बार-बार किसी न किसी काम से बाहर भेजना शुरू कर दिया और इस दौरान उसकी प्रेमिका से छेड़छाड़ करने लगे।
जब इम्तियाज वापस आया और उसने यह सब देखा, तो वह गुस्से में आग-बबूला हो गया। दोनों के बीच झगड़ा हुआ, जिसके बाद इम्तियाज ने गुस्से में वहां पड़े हथौड़े से दिनेश पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से दिनेश की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद इम्तियाज और उसकी प्रेमिका वहां से फरार हो गए।
रविवार को दिनेश का शव उनके मकान में मिला, जिसके बाद उनके बेटे ने सोमवार को अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कराया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो टीमें गठित कर जांच शुरू की और बुधवार को आरोपी को गिरफ्तार कर इस हत्याकांड का खुलासा कर दिया।
