सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र के सूरजपुर कस्बे में शुक्रवार को पेट्रोल पंप के पास खड़ी एक प्राइवेट सीएनजी बस अचानक आग की चपेट में आ गई। देखते ही देखते आग की लपटें इतनी तेज़ हो गईं कि आसपास के लोग दहशत में आ गए। गनीमत रही कि आग लगने के समय बस में कोई यात्री मौजूद नहीं था।
बस चालक बबलू ने बताया कि गैस किट में लीकेज था और तारों में शॉर्ट सर्किट होने से अचानक आग भड़क उठी। जैसे ही आग लगी, ड्राइवर ने कूदकर अपनी जान बचाई। कुछ ही देर में बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। उप निरीक्षक अर्पित गुप्ता और सूरजपुर कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि फायर ब्रिगेड की मदद से कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया गया। अधिकारियों ने राहत की बात कही कि घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया, लेकिन समय रहते आग बुझा देने से बड़ा हादसा टल गया।
