सेक्टर अल्फा-2 में भव्य पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित, प्राधिकरण अधिकारियों और आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों ने लिया हिस्सा

ग्रेटर नोएडा:
पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण द्वारा शुक्रवार को सेक्टर अल्फा-2 स्थित सुभाष पार्क में वृहद पौधारोपण अभियान चलाया गया। कार्यक्रम में प्राधिकरण के अधिकारी, स्थानीय आरडब्ल्यूए पदाधिकारी और सेक्टरवासी बड़ी संख्या में शामिल हुए।

इस अवसर पर प्राधिकरण के डीजीएम संजय कुमार जैन, वरिष्ठ प्रबंधक पी.पी. मिश्रा, सहायक निदेशक बुद्ध विलास, कॉन्ट्रैक्टर अशोक शर्मा और योगेश नागर मौजूद रहे। वहीं, सेक्टर की आरडब्ल्यूए की ओर से अध्यक्ष सुभाष भाटी, महासचिव नानक पाल, दीपक नागर, हरिप्रसाद, अर्चना मिश्रा, मंजू सिरोही, अनीता गौतम, शशि कौशिक, नितेश कौशिक, राकेश चतुर्वेदी, एडवोकेट विनोद कुमार, उपेंद्र कोल, जीतेंद्र वीर सिंह, एल.एस. चौहान, जगत सिंह, कृपाशंकर समेत अनेक समाजसेवी व निवासी कार्यक्रम में सम्मिलित हुए।

पौधारोपण के दौरान सुभाष पार्क में विभिन्न प्रकार के छायादार और फलदार पौधे लगाए गए। प्राधिकरण अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से अपील की कि वे इन पौधों की नियमित देखरेख करें, ताकि ये जल्दी विकसित होकर क्षेत्र को हरा-भरा बना सकें।

डीजीएम संजय कुमार जैन ने कहा कि प्राधिकरण का लक्ष्य है कि ग्रेटर नोएडा को हरियाली और स्वच्छता के मामले में एक आदर्श शहर बनाया जाए। इसी दिशा में हर सेक्टर और पार्कों में पौधारोपण का कार्य तेज़ी से चलाया जा रहा है।

आरडब्ल्यूए अध्यक्ष सुभाष भाटी ने प्राधिकरण की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि स्थानीय लोग इस मुहिम में पूरा सहयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि पार्कों की सुंदरता बनाए रखने और बच्चों के लिए बेहतर वातावरण तैयार करने की दिशा में यह कदम सराहनीय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *