सेक्टर जू-3 सी ब्लॉक की चारदीवारी अब तक अधूरी, निवासी परेशान

ग्रेटर नोएडा के सेक्टर जू-3 के सी ब्लॉक निवासी चारदीवारी गिरने के बाद से लगातार परेशान हैं। उनका कहना है कि ठेकेदार ने खराब क्वालिटी का निर्माण किया था, जिसके कारण थोड़ी-सी बारिश में ही दीवार धराशायी हो गई। सी ब्लॉक गेट के पास बनी दीवार भी कभी भी गिर सकती है।

निवासियों ने बताया कि पिछले वर्ष की बरसात में दीवार झुक गई थी और उस समय भी शिकायत की गई थी, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इस बार 7 जुलाई 2025 को तेज बारिश के कारण दीवार पूरी तरह गिर गई। शिकायत दर्ज होने के बाद 9 जुलाई को अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण तो किया, लेकिन उसके बाद से लगभग दो महीने गुजर जाने पर भी काम अधर में ही लटका हुआ है।

लोगों का कहना है कि जिस रफ्तार से काम हो रहा है, उससे लगता है कि चारदीवारी बनने में कई साल लग सकते हैं। वर्तमान स्थिति यह है कि दीवार की नींव बहुत कमजोर है और इसके कारण सी ब्लॉक निवासी असुरक्षा महसूस कर रहे हैं। गिरी हुई चारदीवारी के फोटो भी प्राधिकरण को भेजे गए हैं, जिनसे साफ है कि निर्माण कार्य में गंभीर लापरवाही हुई है।

सी ब्लॉक के लोगों ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी एन. जी. रवि कुमार से मांग की है कि इस समस्या पर तुरंत संज्ञान लिया जाए और चारदीवारी को मजबूत तरीके से दोबारा बनाया जाए। निवासियों का कहना है कि चारदीवारी उनकी सुरक्षा से जुड़ा मामला है, इसलिए इसमें देर करना खतरनाक साबित हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *