सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र की एटीएस डाल्सी सोसायटी में 14 लाख रुपये के सोने के जेवर चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि चोरी घर में काम करने वाली घरेलू सहायिका ने की है। राहुल यादव, जो मूल रूप से एटा जिले के गांव मरौली मलावन से हैं, अपने परिवार के साथ सोसायटी में रहते हैं। उन्होंने अपनी घरेलू सहायिका पर जेवर चोरी करने का आरोप लगाया।
सोमवार को पीड़ित परिवार ने महिला से पूछताछ के लिए सोसायटी बुलाया। जब यह जानकारी अन्य घरेलू सहायिकाओं को मिली, तो वे सोसायटी के गेट पर जमा हो गईं और आरोपों को झूठा बताते हुए हंगामा करने लगीं।
घरेलू सहायिका ने चोरी का आरोप खारिज किया है। उनका कहना है कि वह केवल झाड़ू-पोंछा करती है और रोजाना आधे घंटे में काम खत्म करके सोसायटी से बाहर चली जाती है। साथ ही उन्होंने बताया कि घर में अक्सर दोस्त और रिश्तेदार आते-जाते रहते हैं और कई बार रात में भी ठहरते हैं, इसलिए वह चोरी नहीं कर सकती।
सूरजपुर कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर हंगामा शांत कराया और पीड़ित परिवार की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
