12 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेरिस पैरालंपिक के भारतीय खिलाड़ियों से मुलाकात की और उनके बेहतरीन प्रदर्शन की सराहना की। इस खास मुलाकात में, स्वर्ण पदक विजेता नवदीप सिंह के साथ प्रधानमंत्री ने हंसते-हंसते मजाक किया, जिससे वहां मौजूद लोग भी हंस पड़े। प्रधानमंत्री के इस चंचल अंदाज की वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नवदीप की मुलाकात के दौरान एक खास पल आया जब नवदीप ने पीएम मोदी को एक टोपी भेंट की। टोपी पहनने के लिए पीएम मोदी खुद जमीन पर बैठ गए ताकि नवदीप आराम से उन्हें टोपी पहन सके। यह भावुक दृश्य देखकर हर किसी का दिल पिघल गया। इसके बाद नवदीप ने पीएम मोदी से अपने थ्रोइंग आर्म पर ऑटोग्राफ मांगा, जिसे पीएम मोदी ने मुस्कुराते हुए दिया।
इस मुलाकात में पीएम मोदी ने मजाकिया अंदाज में नवदीप से पूछा, “तुम्हें इतना गुस्सा क्यों आता है?” नवदीप ने हंसते हुए जवाब दिया कि उसने देश के लिए पदक जीतने का वादा किया था और अब वह उस वादे को पूरा करके लौटा है।
नवदीप सिंह की चर्चा उनके मेडल जीतने के अलावा उनकी अनोखी हरकतों और लोकल फ्लेवर की वजह से भी हो रही है। पैरालिंपिक के दौरान उनके जोश और उत्साह की कई झलकियाँ कैमरे में कैद हुईं, जिनमें से एक वीडियो, जिसमें उन्होंने भाला फेंकने के बाद गुस्से में गाली दी, सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ।
एक इंटरव्यू में नवदीप ने अपनी जीत की खुशी व्यक्त की। जब उनसे उनके व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ थ्रो के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने हंसते हुए कहा कि उन्हें खुद यकीन नहीं हो रहा था। नवदीप ने अपने कोच से मजाक करते हुए पूछा, “क्या मैंने सच में अपना रिकॉर्ड तोड़ा?” और फिर हंसते हुए कहा, “खाओ मां की कसम।”
