गौतमबुद्धनगर, 7 जुलाई 2025
हज 2026 कि तैयारी जोरो से शुरू कर दी गई है। इसके लिए जरूरी दिशा – निर्देश हज कमेटी ऑफ इंडिया, मुंबई द्वारा जारी कर दिए गए हैं। यह जानकारी उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति, लखनऊ के सचिव/कार्यपालक अधिकारी द्वारा पत्र के माध्यम से दी गई है। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी युक्ति पाण्डेय ने बताया कि हज यात्रा 2026 की आधिकारिक घोषणा जुलाई 2025 में होने की संभावना है। हज पर जाने वाले यात्रियों के पासपोर्ट के लिए खास जानकारी दी गई है। सबसे पहले, आवेदक के पास मशीन पठनीय पासपोर्ट होना अनिवार्य है। हस्तलिखित पासपोर्ट स्वीकार नहीं किया जाएगा। साथ ही यह भी सुनिश्चित करना जरूरी है कि पासपोर्ट की वैधता कम से कम 31 दिसंबर 2026 तक हो। जिन लोगों के पास वर्तमान में पासपोर्ट नहीं है और वे नया पासपोर्ट बनवाना चाहते हैं, उन्हें यह सलाह दी गई है कि वे पासपोर्ट बनवाते समय सरनेम/लास्ट नेम का कॉलम खाली न छोड़ें। यह नुसुक पोर्टल की शर्तों के अनुसार जरूरी है, ताकि आवेदन में कोई गलती न हो और प्रक्रिया में रुकावट न आए। जिला प्रशासन ने यह अपील की है कि जो भी व्यक्ति हज-2026 में शामिल होने के इच्छुक हैं, वे समय रहते अपने दस्तावेजों की जांच कर लें और यदि जरूरी हो तो पासपोर्ट को नवीनीकृत या नया बनवाएं। इससे हज कमेटी की प्रक्रिया में किसी तरह की परेशानी नहीं आएगी और आवेदन समय पर पूरा किया जा सकेगा। इस संबंध में संबंधित पत्र की छायाप्रति भी जिला कार्यालय द्वारा साझा की गई है। अधिकारी ने सभी को सावधानीपूर्वक निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है, ताकि हज यात्रा की तैयारी में कोई कमी न रह जाए।
