25 सितंबर तक ऑनलाइन बुकिंग, किसानों को मुफ्त सरसों मिनीकिट

जनपद के किसानों के लिए निःशुल्क सरसों मिनीकिट उपलब्ध कराने की तैयारी शुरू हो गई है। राज्य सहायतित तिलहन मिनीकिट वितरण एवं प्रसार कार्यक्रम 2025-26 के अंतर्गत जिले को कुल 500 मिनीकिट मिले हैं। यह मिनीकिट सरसों की बुवाई को बढ़ावा देने और किसानों की लागत कम करने के उद्देश्य से वितरित किए जाएंगे।

उप कृषि निदेशक गौतमबुद्धनगर राजीव कुमार ने बताया कि जिले के विभिन्न विकास खंडों के लिए मिनीकिट का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। दादरी को 150, बिसरख को 75, दनकौर को 125 और जेवर को 150 मिनीकिट दिए जाएंगे। किसानों को यह मिनीकिट पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध होंगे।

उन्होंने कहा कि इच्छुक किसान विभागीय पोर्टल http://agridarshan.up.gov.in पर अपनी पंजीकरण संख्या से लॉगइन कर आवेदन कर सकते हैं। यह आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी। किसान स्वयं पोर्टल पर जाकर बुकिंग कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 25 सितंबर 2025 तय की गई है।

किसानों की सुविधा के लिए विभाग ने संपर्क केंद्र भी बनाए हैं। किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए किसान राजकीय कृषि बीज भंडार, जेवर, दादरी, बिसरख और दनकौर के प्रभारी से संपर्क कर सकते हैं।

अधिकारियों का मानना है कि इस योजना से किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज आसानी से मिल सकेगा और उत्पादन में वृद्धि होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *