प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 74वां जन्मदिन: भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं का उत्सव

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज मंगलवार को 74वां जन्मदिन मनाएंगे. इस अवसर पर भाजपा के नेता, कार्यकर्ता और आम लोग उत्साहित हैं और जश्न मना रहे हैं. तीसरी बार लोकसभा चुनाव में जीतने के बाद पीएम मोदी ने कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं. अपने दस वर्षों के कार्यकाल में, उन्होंने कई ऐतिहासिक निर्णय लेकर एक नई राह बनाई है.

प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर हम उनके कुछ ऐतिहासिक और यादगार लम्हों पर नज़र डालेंगे। उनके राजनीतिक करियर में सबसे अहम पल 2024 था, जब उन्होंने तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली। उनके नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी को एक निर्णायक जनादेश मिला। दिलचस्प बात यह है कि वे पहले गैर-कांग्रेसी नेता हैं, जिन्होंने नेहरू के बाद लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने का गौरव प्राप्त किया है। यह भी पहली बार हुआ है कि 1962 के बाद कोई सरकार अपने दो कार्यकाल पूरे करने के बाद तीसरी बार सत्ता में लौटी है।

इटली में जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इतालवी पीएम जॉर्जिया मेलोनी की सेल्फी सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। इस तस्वीर में मेलोनी ने मोदी को नमस्ते कहकर स्वागत किया, और दोनों नेता हंसते हुए दिखे। इसके अलावा, पीएम मोदी द्वारा अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन की 7 लोक कल्याण मार्ग पर मेज़बानी की तस्वीरें भी काफी चर्चा में रही थीं। बाइडेन पिछले साल सितंबर में भारत में जी-20 शिखर सम्मेलन में शामिल होने आए थे, जहां उन्होंने मोदी के साथ क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा की थी।

चंद्रयान 3 की सफल लैंडिंग के बाद पीएम मोदी ने इसरो के प्रमुख एस. सोमनाथ को गले लगाकर उनकी पीठ थपथपाई। उन्होंने 23 अगस्त को हर साल भारत नेशनल स्पेस डे के रूप में मनाने की घोषणा की। चांद पर लैंडर ने जिस स्थान पर लैंड किया, उसे ‘शिव-शक्ति पॉइंट’ का नाम दिया गया।

नई दिल्ली में नए संसद भवन के उद्घाटन से पहले पीएम मोदी ने तमिलनाडु के ऐतिहासिक राजदंड ‘सेंगोल’ को लोकसभा अध्यक्ष की कुर्सी के पास रखा। उन्होंने सेंगोल के सामने सिर झुकाया और हाथ में राजदंड लेकर तमिलनाडु के पुजारियों से आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सेंगोल को नए संसद भवन के लोकसभा कक्ष में अध्यक्ष की कुर्सी के दाहिनी ओर स्थापित किया गया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2023 में बेंगलुरु के हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड की साइट पर तेजस विमान की उड़ान भरी। इस उड़ान की तस्वीरें सोशल मीडिया पर बहुत वायरल हुईं। पीएम मोदी ने कहा कि तेजस में उड़ान भरना एक अद्भुत अनुभव था, जिसने उनके देश की स्वदेशी क्षमताओं पर विश्वास को और मजबूत किया। उन्होंने गर्व के साथ बताया कि हमारी मेहनत और लगन के कारण हम आत्मनिर्भरता में दुनिया में किसी से पीछे नहीं हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *