कुशीनगर जिले के हनुमानगंज थाना क्षेत्र के भगवानपुर गांव में रास्ते के विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि सोमवार को रास्ते के विवाद ने उग्र रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे, ईंट-पत्थर और घूंसे चले। इस मारपीट में करीब छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को पहले तुर्कहां के सीएचसी में भर्ती कराया गया, लेकिन तीन की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बताया गया कि एक पक्ष ने महिलाओं और लड़की पर भी हमला किया, जिससे कई लोगों को सिर और शरीर पर गहरी चोटें आईं।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को शांत कराया और मामले में 6 लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया। अब तक दो आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है। कांग्रेस ने इस घटना पर योगी सरकार की आलोचना करते हुए वीडियो शेयर किया है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि इस मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
