नोएडा-ग्रेटर नोएडा वेस्ट मेट्रो विस्तार परियोजना को यूपी कैबिनेट की मंजूरी, 17.4 किमी लंबा रूट बनेगा

नोएडा-ग्रेटर नोएडा वेस्ट के निवासियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। यूपी कैबिनेट ने नोएडा से ग्रेटर नोएडा वेस्ट तक मेट्रो विस्तार परियोजना की नई योजना (डीपीआर) को मंजूरी दे दी है। यह मेट्रो रूट नोएडा सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क-5 तक 17.435 किलोमीटर लंबा होगा, जिसमें 11 स्टेशन बनाए जाएंगे। इस परियोजना से लोगों को बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी और ग्रेनो वेस्ट में जाम की समस्या कम होगी।

इस परियोजना की कुल लागत 2991 करोड़ रुपये होगी। इसमें केंद्र और राज्य सरकार बराबर की भागीदारी करेंगी। नोएडा और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण भी इसमें हिस्सा लेंगे।

पहले मेट्रो रूट की लंबाई 14.958 किलोमीटर थी, जिसे अब 17.435 किलोमीटर कर दिया गया है। सर्वे के मुताबिक, इस रूट पर रोजाना करीब 1.25 लाख लोग सफर करेंगे।

ग्रेटर नोएडा वेस्ट के करीब 6 लाख लोग लंबे समय से मेट्रो की मांग कर रहे थे। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह उनके लिए सपना सच होने जैसा है। मेट्रो से सफर आसान होगा, समय बचेगा और निजी वाहनों पर निर्भरता घटेगी।

अब इस परियोजना को केंद्र सरकार से मंजूरी मिलने का इंतजार है। मंजूरी मिलते ही इस मेट्रो रूट पर काम शुरू हो जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *