इलाहाबाद हाईकोर्ट में हिंदू पक्ष ने दाखिल की कैविएट, सुप्रीम कोर्ट ने सर्वे पर लगाई रोक

संभल की शाही जामा मस्जिद के सर्वे विवाद को लेकर हिंदू पक्ष ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में कैविएट दाखिल की है। इस कैविएट को सर्वे कराने की मांग करने वाले याचिकाकर्ताओं हरिशंकर जैन और पार्थ यादव ने दाखिल किया है। दोनों अधिवक्ता हैं और उन्होंने हाईकोर्ट से यह अपील की है कि यदि मस्जिद सर्वे से जुड़ा कोई मामला कोर्ट में आता है, तो कोई भी फैसला सुनाने से पहले उनका पक्ष सुना जाए।

यह कैविएट संभल की जिला अदालत द्वारा 19 नवंबर को मस्जिद सर्वे का आदेश जारी करने से जुड़ी याचिका को लेकर दायर की गई है। इसका मकसद है कि अदालत में किसी भी निर्णय से पहले उन्हें अपनी बात रखने का मौका दिया जाए।

मुस्लिम पक्ष की अगली कार्रवाई

आज सुप्रीम कोर्ट ने मुस्लिम पक्ष को इलाहाबाद हाईकोर्ट में याचिका दाखिल करने की सलाह दी है। माना जा रहा है कि मुस्लिम पक्ष सोमवार को हाईकोर्ट में अर्जी दाखिल करेगा। कोर्ट अब कैविएट दाखिल करने वाले हिंदू पक्ष की भी दलील सुनेगी।

सुप्रीम कोर्ट का आदेश

सुप्रीम कोर्ट ने आज शाही जामा मस्जिद सर्वे प्रक्रिया पर फिलहाल रोक लगा दी है। इससे पहले ही हिंदू पक्ष ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में अपनी कैविएट दाखिल कर दी थी, ताकि अदालत में होने वाली सुनवाई में उनका पक्ष मजबूती से रखा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *