नोएडा के जेवर में बनने वाली फिल्म सिटी का काम नए साल में शुरू होने वाला है। लेकिन फिल्म सिटी बनने से पहले ही फिल्म कलाकार यहां अपनी कला दिखाने को तैयार हैं। शुक्रवार को जेवर के विधायक धीरेंद्र सिंह ने फिल्म निर्देशक कैलाश मासूम के साथ हिंदी फिल्म “घोड़ी पे चढ़कर आना” की शूटिंग शुरू की।
इस मौके पर विधायक ने कहा कि जेवर फिल्म सिटी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का सपना है और इसका काम जल्द शुरू होगा। उन्होंने बताया कि फिल्म सिटी के बनने के बाद यहां के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का शानदार मौका मिलेगा।
यह फिल्म सिटी न केवल देश की सबसे बेहतरीन फिल्म सिटी होगी, बल्कि औद्योगिक और पर्यटन विकास में भी मदद करेगी। शूटिंग के दौरान लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली। इस फिल्म में मशहूर हास्य अभिनेता राजपाल यादव, इंस्टाग्राम स्टार, और बिग बॉस की शिवानी कुमार भी नजर आएंगे। कार्यक्रम में पुलिस और प्रशासन के कई अधिकारी भी मौजूद रहे।
