बांग्लादेश में इस्कॉन के पुजारी चिन्मय दास की गिरफ्तारी के बाद वहां के हिंदुओं की स्थिति पर सभी की नजरें हैं। भारतीय जनता पार्टी की सांसद कंगना रानाउत ने बांग्लादेशी हिंदुओं के हालात पर चिंता जताई है। उन्होंने यह भी सवाल किया कि भारत में हर मुद्दे पर प्रदर्शन करने वाले लोग बांग्लादेशी हिंदुओं के लिए क्यों नहीं प्रदर्शन कर रहे हैं।
कोलकाता में मीडियाकर्मियों से बातचीत करते हुए कंगना ने कहा कि बांग्लादेश में हिंदुओं की हालत बहुत ही खराब है। वहां साधु-संतों को गिरफ्तार किया जा रहा है और उन पर देशद्रोह का आरोप लगाया जा रहा है, जो चिंता की बात है। कंगना ने यह भी कहा कि बांग्लादेश में हिंदुओं के इतने बुरे हालात होने के बावजूद भारत में कोई प्रदर्शन नहीं हो रहा है।
कंगना ने बांग्लादेश की सरकार पर भी हमला किया और कहा कि शेख हसीना के तख्तापलट के बाद वहां सिर्फ संघर्ष और हिंसा हो रही है, शांति नहीं है। उन्होंने कहा कि हम बांग्लादेशी हिंदुओं के साथ हैं और भगवान से उनकी रक्षा की प्रार्थना करते हैं।
