विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने मंगलवार को लोकसभा में बताया कि भारत-चीन के संबंधों में सुधार हो रहा है। उन्होंने कहा कि हालिया सैन्य और कूटनीतिक बातचीत से सीमा विवाद सुलझाए गए हैं, जिसमें अक्टूबर में एलएसी (वास्तविक नियंत्रण रेखा) पर गश्त समझौता भी शामिल है।
जयशंकर ने बताया कि 2020 में चीन की गतिविधियों के कारण सीमा क्षेत्रों में तनाव बढ़ा था, जिससे दोनों देशों के संबंध खराब हो गए थे। लेकिन अब भारत सरकार सीमा विवाद का स्थायी और निष्पक्ष समाधान ढूंढने के लिए काम कर रही है।
उन्होंने बताया कि संघर्ष वाले इलाकों से सैनिकों को हटाने की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और अब सीमा पर तनाव कम करने और सेना की तैनाती घटाने पर काम किया जाएगा।
हाल ही में चीनी विदेश मंत्री वांग यी से हुई बैठक में यह सहमति बनी कि जल्द ही उच्च स्तरीय वार्ता आयोजित की जाएगी। जयशंकर ने सीमा प्रबंधन में पिछले अनुभवों को ध्यान में रखते हुए सावधानी बरतने की जरूरत पर जोर दिया और तीन महत्वपूर्ण सिद्धांतों का पालन करने की बात कही।
