महाराष्ट्र में देवेंद्र फडणवीस अगले मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। उन्होंने शिवसेना के एकनाथ शिंदे और एनसीपी के अजित पवार के साथ राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन के सामने सरकार बनाने का दावा पेश किया। इस दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता विजय रूपाणी और निर्मला सीतारमण भी मौजूद थे।
फडणवीस, शिंदे और पवार ने बाद में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की, जहां उन्होंने बताया कि मंत्रिमंडल में कौन-कौन शामिल होगा, इसकी जानकारी जल्द दी जाएगी। शपथ ग्रहण समारोह कल शाम 5:30 बजे मुंबई के आजाद मैदान में होगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल होंगे।
इसके बाद फडणवीस सीएम हाउस पहुंचे, जहां उन्होंने शिंदे के साथ 45 मिनट तक चर्चा की। सूत्रों के अनुसार, शिंदे डिप्टी सीएम बनने को तैयार हो गए हैं, लेकिन गृह मंत्रालय का पद चाहते हैं।
