उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में 2025 के महाकुंभ की तैयारियां तेज़ी से चल रही हैं। इस बार प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए खास ध्यान दिया जा रहा है। उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने फैसला लिया है कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 11 जिलों की 543 फैक्ट्रियों को महाकुंभ के दौरान 24 दिनों तक बंद रखा जाएगा। इनमें ग्रेटर नोएडा की 74 फैक्ट्रियां भी शामिल हैं। यह कदम जल प्रदूषण को रोकने के लिए उठाया गया है।
महाकुंभ के दौरान प्रदूषण फैलाने वाले उद्योगों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। अगर किसी फैक्ट्री से प्रदूषित पानी या रंगीन पानी निकलता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में जिला प्रशासन की टीम और प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी लगातार निगरानी रखेंगे।
फैक्ट्रियां 13 जनवरी से लेकर 26 जनवरी तक बंद रहेंगी। जिन जिलों में फैक्ट्रियां बंद होंगी, उनमें मेरठ, बागपत, बुलंदशहर, गाजियाबाद, हापुड़, ग्रेटर नोएडा, मुजफ्फरनगर, शामली, सहारनपुर, बिजनौर और अमरोहा शामिल हैं।
