नोएडा: आईएमएस नोएडा के सामुदायिक रेडियो “सलाम नमस्ते” में मानवाधिकार दिवस पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर छात्रों ने मानवाधिकारों की अहमियत पर चर्चा की और शिक्षा, लैंगिक समानता तथा स्वतंत्रता के अधिकार जैसे विषयों पर अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम की शुरुआत में आईएमएस के महानिदेशक, प्रोफेसर (डॉ.) विकास धवन ने छात्रों को अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि एक विकसित समाज की पहचान मानवाधिकारों का सम्मान और उनकी रक्षा से होती है। शिक्षा के जरिए इन अधिकारों के महत्व को समझा और बढ़ावा दिया जा सकता है।
रेडियो स्टेशन की प्रमुख, वर्षा छबारिया ने बताया कि इस अवसर पर संगोष्ठी, पोस्टर प्रतियोगिता और पैनल चर्चा का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों का उद्देश्य छात्रों और समाज के विभिन्न वर्गों को मानवाधिकारों के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में शिक्षकों और छात्रों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी रचनात्मकता व विचारों से मानवाधिकारों की प्रासंगिकता को उजागर किया।
