नोएडा। सर्दियों की शुरुआत के साथ ही ग्रेटर नोएडा स्थित सूरजपुर वेटलैंड में विदेशी पक्षियों का आना शुरू हो गया है। हर साल नवंबर से फरवरी तक यहां सैकड़ों विदेशी पक्षी प्रवास करते हैं, जो इस वेटलैंड की खूबसूरती को और बढ़ा देते हैं। ठंड के दौरान विदेशी झीलों का पानी बर्फ में बदल जाता है, ऐसे में ये पक्षी गर्म और शांत वातावरण की तलाश में सूरजपुर वेटलैंड पहुंचते हैं।
308 हेक्टेयर में फैले इस वेटलैंड में 60 हेक्टेयर झील और 248 हेक्टेयर जंगल है। यह जगह पक्षियों के लिए अनुकूल माहौल प्रदान करती है। यहां कॉमन टील, कॉमन पोचार्ड और ब्लैक नेक्ड स्टॉर्क जैसी प्रजातियां बड़ी संख्या में आती हैं। वेटलैंड की टीम ने पक्षियों के स्वागत के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
सैलानियों के लिए भी यह जगह खास आकर्षण का केंद्र बन जाती है। सेल्फी प्वाइंट, कंक्रीट पुल और जानकारी से भरे बोर्ड पर्यटकों को वेटलैंड की सैर का आनंद लेने में मदद करते हैं। सूरजपुर वेटलैंड का शांत और प्राकृतिक वातावरण, पक्षियों और सैलानियों दोनों को बेहद लुभाता है।
