उत्तर प्रदेश में ठंड का प्रकोप बढ़ने वाला है। शीतलहर के साथ घना कोहरा लोगों की परेशानियां और बढ़ाएगा। मौसम विभाग ने इसको लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। कुछ जिलों में तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। न्यूनतम तापमान के साथ अधिकतम तापमान भी 4-5 डिग्री तक कम हो गया है। अनुमान है कि दिसंबर के अंत तक ठंड पूरे राज्य में अपना जोर दिखाएगी।
आईएमडी के मुताबिक, 16 दिसंबर को यूपी के कई इलाकों में घना कोहरा छाया रहेगा। कहीं-कहीं शीतलहर और कोहरे का संयुक्त असर भी देखने को मिलेगा। बलिया, मऊ, आजमगढ़, देवरिया, गोरखपुर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, सहारनपुर, और मुजफ्फरनगर समेत अन्य जिलों में कोहरा रहेगा। अयोध्या, गोंडा, बहराइच, लखीमपुर खीरी और सीतापुर जैसे जिलों में कोल्ड वेव के साथ घना कोहरा छाने की संभावना है।
ठंड बढ़ने की वजह:
बीएचयू के मौसम विशेषज्ञ प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण ठंडी हवाएं उत्तर भारत में चल रही हैं। यही वजह है कि यूपी में ठंड का प्रकोप बढ़ा है। हालांकि, अगले तीन दिनों में शीतलहर से थोड़ी राहत मिलने की संभावना है और तापमान 2-3 डिग्री तक बढ़ सकता है।
रविवार को यूपी के अयोध्या में न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सबसे कम था। इससे पहले शनिवार को यहां तापमान 3 डिग्री सेल्सियस था। लखनऊ, वाराणसी और मुजफ्फरनगर समेत अन्य जिलों में भी तापमान गिरावट पर है।
