बॉलीवुड अभिनेता रणबीर कपूर अपनी आने वाली फिल्म ‘रामायण’ को लेकर चर्चा में हैं। यह फिल्म दो हिस्सों में रिलीज होगी। वहीं, सुपरस्टार आमिर खान ने अपने ड्रीम प्रोजेक्ट ‘महाभारत’ पर हाल ही में खुलकर बात की। एक इंटरव्यू में उन्होंने इसे बनाने की जिम्मेदारी और इसकी महत्वता पर जोर दिया।
आमिर खान ने कहा, ‘महाभारत’ मेरा ड्रीम प्रोजेक्ट है, लेकिन यह चुनौतीपूर्ण और डरावना भी है। यह कहानी भारतीय संस्कृति और भावनाओं से गहराई से जुड़ी है। इसलिए इसे गलत तरीके से पेश करने की गुंजाइश नहीं है। मैं चाहता हूं कि हर भारतीय को इस पर गर्व हो और दुनिया को दिखा सकूं कि हमारी विरासत कितनी महान है। हालांकि, यह कब पूरा होगा, इसकी कोई समयसीमा नहीं है, लेकिन मैं इस पर काम जरूर करना चाहता हूं।
2018 से चल रही है ‘महाभारत’ की योजना
लेखक अंजुम राजाबली ने 2018 में खुलासा किया था कि आमिर खान ‘महाभारत’ बनाने की तैयारी कर रहे हैं। इस प्रोजेक्ट का बजट करीब 1000 करोड़ रुपये होने की बात कही जा रही है।
आमिर ने यह भी बताया कि वे भविष्य में और अधिक फिल्में प्रोड्यूस करना चाहते हैं और युवा कलाकारों को मौका देना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा, ‘मैं हर साल एक फिल्म करने की योजना बना रहा हूं और उन कहानियों पर काम करूंगा जो मुझे पसंद हैं। साथ ही एक्टिंग भी जारी रखूंगा।’
आमिर खान के अपकमिंग प्रोजेक्ट
आमिर खान आखिरी बार फिल्म ‘लाल सिंह चड्ढा’ में नजर आए थे, लेकिन यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर खास कमाल नहीं कर पाई। अब वे ‘सितारे जमीन पर’ में वापसी करेंगे, जिसमें दर्शील सफारी और जेनेलिया देशमुख मुख्य भूमिकाओं में दिखेंगे। इसके अलावा, आमिर इन दिनों फिल्म ‘लापता लेडीज’ के प्रमोशन में व्यस्त हैं, जिसे भारत की ओर से ऑस्कर 2025 के लिए नामांकित किया गया है।
