नोएडा। पूर्व सांसद और मंत्री डीपी यादव ने लोकतंत्र पर हुए हमलों का जिक्र करते हुए कहा कि देश में कई बार लोकतांत्रिक मूल्यों को आघात पहुंचा है। उन्होंने बताया कि 1998 में उत्तर प्रदेश में तत्कालीन मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की सरकार को रातों-रात गिरा दिया गया था। राज्यपाल ने जगदंबिका पाल को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई, लेकिन उच्च न्यायालय के हस्तक्षेप के बाद विधानसभा में बहुमत साबित करने का आदेश दिया गया। इसके बाद कल्याण सिंह दोबारा मुख्यमंत्री बने। यादव ने कहा कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लोकसभा में अपने संबोधन में संभल की इसी घटना का जिक्र करते हुए लोकतंत्र पर प्रहार की बात कही।
सेक्टर-52 में रेशम टायर्स प्राइवेट लिमिटेड के नए शोरूम के उद्घाटन पर मुख्य अतिथि के रूप में यादव ने कहा कि “एक देश, एक चुनाव” का विचार बेहतर है और इसे लागू करने से कई समस्याओं का समाधान हो सकता है। किसानों के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि उनकी जेल यात्रा बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। नोएडा प्राधिकरण को किसानों के साथ शांतिपूर्ण व्यवहार करना चाहिए और उनकी जमीन के बदले उन्हें रोजगार और जीवनयापन के अवसर उपलब्ध कराने चाहिए। किसानों को भी अपनी मांगें न्यायोचित तरीके से रखनी चाहिए और समस्या का समाधान सहयोगपूर्वक करना चाहिए।
उन्होंने नोएडा के विकास पर बात करते हुए कहा कि यहां के मॉल और उद्योग स्थानीय निवासियों और सरकार के प्रयासों का परिणाम हैं। उद्योग-व्यापार करने वालों का सभी को सहयोग करना चाहिए।
रेशम टायर्स शोरूम के उद्घाटन के दौरान यादव ने कहा कि इससे वाहन चालकों को उचित कीमत पर अच्छे टायर मिलेंगे और युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। इस मौके पर शोरूम के डायरेक्टर एसएस यादव समेत कई अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
