अमेरिका में एक बार फिर शटडाउन का खतरा मंडरा रहा है। जैसे ही घड़ी में रात 12:01 AM का समय होगा, सरकारी सेवाएं फंड की कमी के कारण बंद हो सकती हैं। फिलहाल सरकार के पास शुक्रवार तक सिर्फ एक दिन का फंड बचा था। कांग्रेस शॉर्ट टर्म फंडिंग का हल निकालने के लिए संघर्ष कर रही थी, लेकिन स्थिति और गंभीर हो गई है।
क्या होता है शटडाउन?
सरल भाषा में, शटडाउन तब होता है जब संघीय सरकार को चलाने के लिए जरूरी धनराशि खत्म हो जाती है। ऐसे में कई सरकारी सेवाएं बंद हो जाती हैं, और कर्मचारियों को वेतन तक नहीं मिलता। 1976 से अब तक अमेरिका में 21 बार शटडाउन हो चुका है। सबसे लंबा शटडाउन 2018-19 में हुआ था, जो 35 दिनों तक चला। उस दौरान लाखों सरकारी कर्मचारी बिना वेतन के काम करने को मजबूर थे।
फंडिंग संकट का कारण
गुरुवार रात रिपब्लिकन पार्टी द्वारा प्रस्तुत नया स्पेंडिंग प्लान सदन में पारित नहीं हो सका। इसे पास करने के लिए दो-तिहाई बहुमत की आवश्यकता थी, लेकिन 38 रिपब्लिकन सदस्यों ने डेमोक्रेट्स के साथ मिलकर इसके खिलाफ मतदान किया। वहीं, नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी रिपब्लिकन हाउस स्पीकर माइक जॉनसन द्वारा डेमोक्रेट्स के साथ किए गए समझौते को खारिज कर दिया।
क्या होगा आगे?
शनिवार आधी रात तक फंडिंग खत्म हो जाएगी। सांसदों ने शुक्रवार को आखिरी कोशिश में प्रतिनिधि सभा में चर्चा की, लेकिन अब तक कोई ठोस नतीजा नहीं निकला है। ट्रंप ने इस संकट के दौरान रिपब्लिकन पर दबाव बनाया कि वे नया फंडिंग प्लान तैयार करें। अगर शटडाउन हुआ, तो इसका असर लाखों कर्मचारियों और आम नागरिकों पर पड़ेगा।
