बॉलीवुड में सलमान खान, शाहरुख खान और आमिर खान का नाम हमेशा बॉक्स ऑफिस के बादशाहों में गिना जाता है। 2023 में शाहरुख ने अपनी तीन फिल्मों से 2500 करोड़ का जबरदस्त कलेक्शन किया, जबकि आमिर की “दंगल” 2000 करोड़ के आंकड़े को छूने वाली सबसे सफल फिल्म बनी। सलमान भी अपनी फिल्मों से लगातार अच्छा प्रदर्शन करते हैं। लेकिन, इन तीनों खान से आगे एक ऐसे अभिनेता हैं, जिनकी फिल्मों का कुल कलेक्शन 25000 करोड़ के पार पहुंच चुका है।
हम बात कर रहे हैं महान अभिनेता इरफान खान की। भले ही वह आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी अदाकारी और फिल्में आज भी फैंस के दिलों में जिंदा हैं। उनकी फिल्मों की कुल कमाई ने सलमान, शाहरुख और आमिर की संयुक्त कमाई को पीछे छोड़ दिया है। हिंदुस्तान टाइम्स के अनुसार, शाहरुख की फिल्मों ने कुल 9000 करोड़, सलमान की 7000 करोड़, और आमिर की 6500 करोड़ कमाए। यानी तीनों खान की कुल कमाई 22000 करोड़ है, जबकि इरफान की फिल्मों ने दुनियाभर में 25000 करोड़ का आंकड़ा पार किया है।
1967 में राजस्थान के टोंक में जन्मे इरफान ने थिएटर कलाकार अपने मामा से प्रेरणा लेकर 1984 में राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय में दाखिला लिया। उन्होंने “सलाम बॉम्बे” से फिल्मी सफर शुरू किया और “हासिल,” “मकबूल,” “पान सिंह तोमर,” और “हिंदी मीडियम” जैसी फिल्मों से पहचान बनाई। हॉलीवुड में उन्होंने “लाइफ ऑफ पाई,” “जुरासिक वर्ल्ड,” “द अमेजिंग स्पाइडर-मैन,” और “इन्फर्नो” जैसी बड़ी फिल्मों में काम किया।
इरफान की भारतीय फिल्मों ने 2000 करोड़ का कलेक्शन किया, जबकि उनकी हॉलीवुड फिल्मों ने लगभग 22500 करोड़ की कमाई की। कैंसर से लंबी लड़ाई के बाद, 2020 में मात्र 53 साल की उम्र में उनका निधन हो गया, लेकिन उनका नाम और योगदान सिनेमा जगत में हमेशा याद रखा जाएगा।
