एक दौर था जब लोग अपनी गाड़ियों पर निर्भर रहते थे, लेकिन आज के समय में टैक्सी का इस्तेमाल बढ़ गया है। हालांकि, कभी-कभी ये सफर ऐसा अनुभव दे जाता है जिसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती। सोशल मीडिया पर ऐसा ही एक वीडियो इन दिनों वायरल हो रहा है।
इस वीडियो में एक कैब ड्राइवर को गाड़ी चलाते हुए मोबाइल पर रील्स देखते हुए दिखाया गया है। ड्राइवर ने स्टीयरिंग के पास फोन लगाया हुआ था और उसमें ऑमलेट बनाने की रील देख रहा था। कुछ ही सेकंड बाद वह दूसरी रील्स पर स्वाइप करने लगा। इसमें उसका ध्यान पूरी तरह से स्क्रीन पर था, जबकि गाड़ी चलाते समय उसका फोकस व्हील पर होना चाहिए था।
यह वीडियो माइक्रोब्लॉगिंग साइट एक्स पर @ROHANKHULE नामक यूज़र ने शेयर किया। वीडियो के वायरल होते ही इसे हजारों लोगों ने देखा और अपनी प्रतिक्रिया दी। कई लोगों ने इसे खतरनाक बताते हुए ड्राइवर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। मुंबई ट्रैफिक पुलिस ने भी मामले में यूज़र से ड्राइवर की जानकारी मांगी है, ताकि उचित कदम उठाया जा सके।
