पहाड़ पर हो रही बर्फबारी का असर अब उत्तर प्रदेश में भी देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने 27 और 28 दिसंबर को पश्चिमी यूपी के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई है। पूर्वी यूपी के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, बिजनौर, गाजियाबाद, बरेली, मैनपुरी, झांसी और ललितपुर समेत कई जिलों में 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ जगहों पर मध्यम कोहरा भी छाया रहेगा।
तापमान में गिरावट का अनुमान
बीएचयू के मौसम विशेषज्ञ प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि बर्फबारी के कारण अगले 3-4 दिनों में यूपी का अधिकतम तापमान 4 डिग्री तक गिर सकता है। न्यूनतम तापमान में भी कमी आएगी, जिससे शीतलहर का असर और बढ़ेगा।
मुजफ्फरनगर में रिकॉर्ड ठंड
अमौसी मौसम केंद्र के अनुसार, गुरुवार को मुजफ्फरनगर में न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पूरे यूपी में सबसे कम रहा। मेरठ और नजीबाबाद समेत अन्य जिलों में तापमान 8-10 डिग्री सेल्सियस के करीब रहा।
आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने की संभावना है, ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
