नोएडा। थाना फेज-3 पुलिस ने 12 घंटे के भीतर एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है, जो ऑटो में सवारी बनकर लोगों का मोबाइल चोरी करता था। पकड़े गए आरोपी की पहचान विवेक पाल पुत्र शेर पाल के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी मोबाइल चोरी करने के बाद यूपीआई से पैसे ट्रांसफर करता था।
30 दिसंबर को एक पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसका मोबाइल चोरी कर उससे 1.16 लाख रुपये का ट्रांजैक्शन किया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और सेक्टर-64 के पास से आरोपी को पकड़ लिया।
जांच में सामने आया कि चोर चोरी किए मोबाइल का सिम निकालकर दूसरे फोन में डालता था। इसके बाद गैलरी में सेव आधार कार्ड नंबर का उपयोग कर यूपीआई पिन रीसेट करके ट्रांजैक्शन करता था।
पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर लोगों से मोबाइल गैलरी में निजी दस्तावेज न रखने की सलाह दी है। साथ ही, बताया कि इस गिरोह में और लोग भी शामिल हो सकते हैं, जिनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच भी की जा रही है।
