पश्चिमी विक्षोभ का असर: दिल्ली-एनसीआर में घना कोहरा, हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार

एक नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण देश के कई हिस्सों में मौसम ने करवट ली है। दिल्ली-एनसीआर में आज सुबह घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता (विजिबिलिटी) बेहद कम हो गई। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है, जिसका असर मैदानी इलाकों पर भी पड़ सकता है। यह स्थिति 6 जनवरी तक बनी रह सकती है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में 6 जनवरी तक भारी बर्फबारी की संभावना जताई गई है।

दिल्ली में आज घने कोहरे के कारण ठंड बढ़ गई। लोगों को ठंड से बचने के लिए अलाव जलाते देखा गया। कम दृश्यता के कारण कई इलाकों में यातायात प्रभावित हुआ।

कोहरे और शीतलहर की चेतावनी

मौसम विभाग ने पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के कुछ हिस्सों में शीतल दिन (कोल्ड डे) की संभावना जताई है। उत्तर प्रदेश, राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश में भी शीतलहर का असर देखने को मिलेगा। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और ओडिशा में घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी घना कोहरा छाने के आसार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *