ग्रेटर नोएडा के कचैड़ा गांव की बेटी शिवांगी नागर ने अपनी मेहनत और लगन से पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। शिवांगी ने अमेरिका की प्रतिष्ठित ओरेकल कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर 1 करोड़ 80 लाख रुपये के वार्षिक पैकेज पर नौकरी हासिल की है। यह कंपनी दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी सॉफ्टवेयर कंपनी है।
शिवांगी के इस उपलब्धि की खुशी में पूरे गांव ने नववर्ष पर मास्टर धर्मपाल के आवास पर जश्न मनाया। डीजे की धुन और स्वादिष्ट खाने के साथ इस जश्न ने एक त्योहार जैसा रूप ले लिया। शिवांगी के दादा मास्टर धर्मपाल सिंह दिल्ली के शिक्षक रह चुके हैं, और उनके परिवार में शिक्षा का माहौल हमेशा से रहा है।
शिवांगी के पिता बिजेंद्र नागर LIC में डेवलपमेंट ऑफिसर हैं, और उनकी मां संगीता नागर हिंदी में परास्नातक हैं। परिवार की इस शैक्षिक पृष्ठभूमि ने शिवांगी को शुरू से ही पढ़ाई में अव्वल बनाए रखा।
गांव के लोगों के अनुसार, शिवांगी की इस सफलता ने पूरे ग्रेटर नोएडा और गुर्जर समाज का गौरव बढ़ाया है। शिवांगी के स्वागत में आयोजित कार्यक्रम में समाज की कई जानी-मानी हस्तियों ने भाग लिया और उसे शुभकामनाएं दीं।
शिवांगी की सफलता इस बात का उदाहरण है कि सही दिशा में मेहनत और समर्पण से हर सपना साकार किया जा सकता है।
