प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 5 जनवरी को गाजियाबाद दौरे पर रहेंगे। इस कार्यक्रम के लिए पुलिस और प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। पहले पीएम को 29 दिसंबर को आना था, लेकिन पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन के कारण कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया था।
अब 5 जनवरी को पीएम साहिबाबाद के आनंद विहार में नमो भारत ट्रेन स्टेशन का उद्घाटन करेंगे। इस दौरान सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। पुलिस कमिश्नर अजय कुमार मिश्र ने सभी अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं। गाजियाबाद में सात थाना क्षेत्रों—नगर कोतवाली, मधुबन बापूधाम, नंदग्राम, सिहानीगेट, इंदिरापुरम, कौशाम्बी और साहिबाबाद—को नो फ्लाइंग जोन घोषित किया गया है। यहां ड्रोन, पैराग्लाइडर, हॉट बैलून और अन्य उड़ने वाले उपकरणों पर रोक लगा दी गई है।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत सभी थानों को सख्त निर्देश दिए गए हैं। मीडियाकर्मियों को प्रतिबंधित क्षेत्रों में फोटोग्राफी या वीडियोग्राफी के लिए थाने से अनुमति लेनी होगी। शुक्रवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए मुख्य सचिव ने तैयारियों का जायजा लिया। डीएम इंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।
