नोएडा के सेक्टर-20 ब्लॉक डी में लड्डू वितरण को लेकर विवाद अदालत तक पहुंच गया। आरडब्ल्यूए अध्यक्ष विद्या सागर ने सेक्टर के 16 लोगों पर “लड्डू खा गया” का आरोप लगाने पर 1 करोड़ रुपये की मानहानि का मामला दर्ज कराया है।
क्या है मामला?
आरडब्ल्यूए के अनुसार, हर साल 15 अगस्त, 26 जनवरी, होली और दीपावली पर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को लड्डू बांटे जाते हैं। इस बार 15 अगस्त को करीब 7,000 रुपये के 12 किलो लड्डू खरीदे गए। विद्या सागर का कहना है कि इस पर सभी पदाधिकारियों की सहमति थी। बावजूद इसके, 16 लोगों ने उन पर आरोप लगाया कि वे लड्डू खा गए।
मानसिक परेशानी का आरोप
विद्या सागर ने बताया कि वह शुगर और हाई बीपी के मरीज हैं, और लड्डू खाना उनके लिए संभव नहीं। “लड्डू खा गया” के आरोपों ने उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाया और मानसिक पीड़ा दी। उन्होंने 1 दिसंबर 2024 को इन सभी लोगों को माफी मांगने और आरोपों का खंडन करने का नोटिस भेजा, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।
अदालत में सुनवाई
इस मामले में 27 जनवरी को सूरजपुर कोर्ट में सुनवाई होगी। विद्या सागर ने कहा कि यह पैसों का मामला नहीं है, बल्कि उनकी सामाजिक छवि खराब करने और मानसिक तनाव देने का है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि उनकी हालत बिगड़ती है, तो इसकी जिम्मेदारी इन 16 लोगों की होगी।
