चीन में रहस्यमय वायरस ह्यूमन मेटान्यूमोवायरस (HMPV) ने दहशत फैला दी है। रोजाना हजारों लोग इस संक्रमण से पीड़ित हो रहे हैं। मरीजों को सांस लेने में कठिनाई हो रही है, जिससे अस्पतालों में अफरातफरी का माहौल है। सोशल मीडिया पर ऐसे कई वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिनमें मरीज बेड के लिए परेशान नजर आ रहे हैं। चीन की स्थिति को देखते हुए भारत भी सतर्क हो गया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने ज्वाइंट मॉनिटरिंग ग्रुप की आपात बैठक बुलाई है, ताकि किसी भी स्थिति का सामना किया जा सके।
मंत्रालय चीन की स्थिति पर नजर रख रहा है और विश्व स्वास्थ्य संगठन से लगातार जानकारी साझा करने का अनुरोध किया गया है। मंत्रालय का कहना है कि भारत सांस की बीमारियों से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। देशभर में स्क्रीनिंग हो रही है, लेकिन अब तक कोई असामान्य मामला सामने नहीं आया है।
इस बीच, केरल सरकार ने अस्पतालों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने कहा है कि सर्दियों में इस तरह के वायरस सक्रिय हो जाते हैं। बुजुर्ग, गर्भवती महिलाएं और बीमार लोग विशेष सतर्कता बरतें। कोरोना और निपाह वायरस के अनुभवों के चलते केरल पहले से सतर्क है।
चीन की रिपोर्ट्स बताती हैं कि वहां सांस के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ी है। 14 साल से कम उम्र के बच्चे इस बीमारी से ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। यह निमोनिया जैसी बीमारी है, लेकिन चीनी विभागों ने अब तक विस्तृत जानकारी नहीं दी है।
