बिहार में ठंड और कोहरे का कहर, जनजीवन प्रभावित

बिहार में ठंड और घने कोहरे ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। रविवार सुबह प्रदेश के कई जिलों में जबरदस्त ठंड और कोहरा देखने को मिला। मौसम विभाग ने उत्तर-पूर्व के अधिकांश जिलों में घने से अति घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, दक्षिण और उत्तर-पश्चिम हिस्सों के कई जिलों में भी घने कोहरे की संभावना जताई गई है। बक्सर, कैमूर और सारण जिलों में शीत दिवस का अनुमान है।

अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है, जिससे ठंड में थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। शनिवार को छपरा 7.3 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा।

यात्रा पर कोहरे का प्रभाव
कोहरे के कारण ट्रेन और विमान सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुईं। पटना एयरपोर्ट पर शनिवार को सुबह 11 बजे तक दृश्यता बेहद कम थी। कई उड़ानें रद्द करनी पड़ीं, जबकि कई घंटों की देरी से चल रही थीं। पटना एयरपोर्ट पर आने-जाने वाली 10 उड़ानें रद्द की गईं।

ट्रेनों की बात करें तो दिल्ली से आने वाली ट्रेनों पर कोहरे का सबसे ज्यादा असर पड़ा। तेजस राजधानी 12 घंटे की देरी से पहुंची, वहीं संपूर्ण क्रांति 7 घंटे 30 मिनट और कोलकाता राजधानी 13 घंटे की देरी से पटना आई।

आपदा प्रबंधन विभाग की अपील
कोहरे और ठंड से बचाव के लिए आपदा प्रबंधन विभाग ने 11 जिलों में अलर्ट जारी किया है। इनमें पूर्वी और पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद और अरवल शामिल हैं। विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने और बेहद जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *