गाजियाबाद में नमो ट्रेन डिपो जल संरक्षण की मिसाल
गाजियाबाद के दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर स्थित दुहाई डिपो में जल संरक्षण को लेकर एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। यहां 20 वर्षा जल संचयन पिट्स के अलावा दो बड़े तालाब बनाए गए हैं, जो 66 लाख लीटर से अधिक बारिश के पानी को संरक्षित कर सकते हैं।
पहला तालाब 1160 वर्ग मीटर और दूसरा 663 वर्ग मीटर क्षेत्र में है, जिनकी गहराई 4 से 5 मीटर तक है। खासतौर पर डिज़ाइन किए गए ड्रेनेज सिस्टम के जरिए डिपो में गिरने वाला पानी इन तालाबों तक पहुंचता है। दोनों तालाबों के तल पर क्रमशः 4 और 3 राउंड पिट्स बनाए गए हैं, जो 1.2 मीटर गहरे और 2.5 मीटर चौड़े हैं। इन पिट्स में तीन परत वाले फिल्टर लगाए गए हैं, ताकि साफ पानी ही भूजल में समाहित हो।
संग्रहित पानी का उपयोग डिपो में पौधों की सिंचाई के लिए होगा। एनसीआरटीसी पूरे 82 किलोमीटर लंबे सराय काले खां से मोदीपुरम तक के कॉरिडोर पर जल संरक्षण के लिए 950 से अधिक पिट्स बना रहा है, जो अंतिम चरण में हैं। यह पहल न केवल बारिश के पानी को संरक्षित करेगी, बल्कि क्षेत्र के भूजल स्तर को भी सुधारने में मददगार साबित होगी।
