16 जनवरी की रात उत्तर प्रदेश शासन ने 31 आईएएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। इस फेरबदल में मेरठ के जिलाधिकारी दीपक मीणा को गाजियाबाद का नया डीएम नियुक्त किया गया। वहीं, गाजियाबाद के डीएम इंद्र विक्रम सिंह का प्रमोशन करते हुए उन्हें कृषि विभाग में सचिव बनाया गया।
दीपक मीणा मूल रूप से राजस्थान के निवासी हैं। उन्होंने आईआईटी खड़गपुर से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बीटेक किया है और 2011 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। अपने प्रशासनिक करियर की शुरुआत उन्होंने अलीगढ़ से की। इसके बाद वे झांसी के ज्वाइंट मजिस्ट्रेट और फिर अलीगढ़ व बुलंदशहर में सीडीओ के रूप में कार्यरत रहे। अलीगढ़ और आगरा में मुख्य विकास अधिकारी का पद संभालने के बाद जून 2019 में दीपक मीणा को पहली बार सिद्धार्थनगर का डीएम बनाया गया।
सिद्धार्थनगर में उन्होंने भू-माफियाओं और अवैध कब्जों पर सख्त कार्रवाई की। हाल ही में मेरठ में उन्होंने पहली बार “मेरठ महोत्सव” का आयोजन कराया, जिसे शासन स्तर पर काफी सराहा गया।
गाजियाबाद के डीएम का पद संभालने के बाद दीपक मीणा ने कहा कि जन सुनवाई उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। पीड़ितों, महिलाओं और बुजुर्गों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। एसडीएम, एडीएम और अन्य विभागीय अधिकारियों को भी इस पर अमल करना होगा। इसके अलावा, शासन के प्राथमिकता वाले प्रोजेक्ट्स को तेज गति से पूरा करने और माफियाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
