बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान पर हुए हमले ने पूरे देश में हलचल मचा दी है। इस मामले पर विभिन्न हस्तियों और नेताओं ने अपनी प्रतिक्रियाएं दी हैं। अभिनेता और राजनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने इसे बेहद दुखद घटना बताया है। उन्होंने कहा कि यह हमला दुर्भाग्यपूर्ण है, लेकिन राहत की बात है कि सैफ की हालत में सुधार हो रहा है।
शत्रुघ्न सिन्हा ने सैफ के परिवार, विशेषकर उनकी पत्नी करीना कपूर खान और बच्चों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि इस समय दोषारोपण करने के बजाय पुलिस पर भरोसा करना चाहिए। उन्होंने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, और गृह मंत्री की प्रशंसा की और कहा कि कानून व्यवस्था अपना काम सही तरीके से कर रही है।
सैफ अली खान, जो राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता और पद्मश्री से सम्मानित हैं, पर यह हमला 16 जनवरी की रात उनके घर में चोरी की नीयत से घुसे एक व्यक्ति ने किया। आरोपी ने चाकू से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने इस मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी मोहम्मद आलियान उर्फ BJ को ठाणे के कसारवडवली इलाके से गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी पकड़े जाने के डर से झूठा नाम विजय दास बताने की कोशिश कर रहा था। फिलहाल सैफ का इलाज लीलावती अस्पताल में चल रहा है, और उनकी हालत में सुधार हो रहा है। इस घटना ने एक बार फिर सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए हैं।
