उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ के भव्य आयोजन के संदर्भ में रविवार को ‘महाकुंभ संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया। इस संवाद में महाकुंभ के प्रबंधन, इसके आध्यात्मिक और सांस्कृतिक महत्व, तथा इस अद्वितीय आयोजन की यात्रा के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई जाने-माने व्यक्तित्व शामिल हुए।
‘महाकुंभ संवाद’ के पहले सत्र में, प्रख्यात किस्सागो हिमांशु वाजपेयी और प्रज्ञा शर्मा ने गंगा नदी की रोचक और प्रेरणादायक कथा सुनाई। हिमांशु वाजपेयी ने गंगा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गंगा की महिमा को समझने और उसकी कथा सुनने मात्र से ही घोर पापों से मुक्ति मिल सकती है। उन्होंने गंगा के स्वर्ग से पृथ्वी पर आगमन की कथा को दर्शकों के समक्ष प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के दौरान आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रविशंकर ने भी अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि अध्यात्म जीवन का अभिन्न हिस्सा है और यह आत्मचेतना के माध्यम से अमरत्व की ओर ले जाता है। उन्होंने जोर दिया कि जीवन में तनाव से मुक्त होकर शांति और धैर्य के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
