महाराष्ट्र के अमरावती जिले के सोनारी गांव में एक किसान, विलास चर्जन, ने अपनी अनोखी भूख हड़ताल से सभी का ध्यान खींचा है। चांदुर बाजार तहसील के इस किसान ने अपने घर के सामने सड़क के बीच लगे बिजली के खंभे को हटाने की मांग को लेकर खंभे पर खाट बांधकर भूख हड़ताल शुरू की है।
चर्जन का कहना है कि बिजली वितरण कंपनी ने खंभा हटाने की मंजूरी (एनओसी) पहले ही दे दी है, लेकिन प्रशासन की लापरवाही के कारण अब तक खंभा नहीं हटाया गया। इससे पहले भी चर्जन ने कुएं में बैठकर विरोध जताया था, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
खंभा सड़क के बीच में होने के कारण इसे हटाना जरूरी है, लेकिन संबंधित विभाग ने इसे नजरअंदाज करते हुए सड़क का निर्माण करवा दिया। अपनी जान जोखिम में डालकर चर्जन ने यह कदम उठाया है और इसे लेकर पूरे जिले में चर्चा हो रही है।
अब सवाल यह है कि क्या प्रशासन इस अनोखे विरोध के बाद जागेगा और उनकी मांग को पूरा करेगा। वहीं, इस स्थिति से दुर्घटना का खतरा भी बढ़ गया है।
