लोकसभा में पीएम मोदी का हमला: ‘शीशमहल’ से लेकर गरीबी तक विपक्ष पर तीखे तंज

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर हुई चर्चा का जवाब देते हुए विपक्ष पर तीखा प्रहार किया। इस दौरान उन्होंने बिना नाम लिए दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल पर कटाक्ष किया।

‘शीशमहल’ पर तंज
पीएम मोदी ने कहा कि उनकी सरकार में घोटालों पर रोक लगने से देश के लाखों करोड़ रुपये की बचत हुई है, और इन पैसों को जनहित में उपयोग किया गया, न कि ‘शीशमहल’ बनाने में। यह टिप्पणी उस विवाद की ओर संकेत करती है, जिसमें केजरीवाल के सरकारी आवास के नवीनीकरण पर करोड़ों रुपये खर्च होने का आरोप लगा था। पीएम मोदी ने तंज कसते हुए कहा, “कुछ नेताओं का ध्यान जकूजी और स्टाइलिश शावर पर है, जबकि हमारा ध्यान हर घर में जल पहुंचाने पर है।”

गरीबी और विकास पर जोर
प्रधानमंत्री ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा, जिन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण के बाद संसद परिसर में टिप्पणी की थी। पीएम मोदी ने कहा, “जो लोग गरीबों की झोपड़ियों में फोटोशूट कराकर मनोरंजन करते हैं, उन्हें संसद में गरीबों की बात बोरिंग लगती है।” उन्होंने यह भी बताया कि उनकी सरकार के प्रयासों से 25 करोड़ लोगों ने गरीबी से बाहर कदम रखा है।

इसके साथ ही उन्होंने अपनी सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि अब तक चार करोड़ गरीबों को नए घर मिले हैं, और सरकार झूठे नारे नहीं, बल्कि वास्तविक विकास पर ध्यान दे रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *