मुंबई और आसपास के महानगरीय क्षेत्र में ऑटोरिक्शा और टैक्सियों का सफर अब पहले से महंगा हो गया है। मुंबई महानगर क्षेत्र परिवहन प्राधिकरण (एमएमआरटीए) ने 1 फरवरी से ऑटोरिक्शा और काली-पीली टैक्सियों के न्यूनतम किराए में 3 रुपये की बढ़ोतरी को मंजूरी दी है।
इस बदलाव के बाद ऑटोरिक्शा का शुरुआती किराया 23 रुपये से बढ़कर 26 रुपये हो गया है, जबकि काली-पीली टैक्सियों के लिए यह 28 रुपये से बढ़ाकर 31 रुपये कर दिया गया है। इसके अलावा, नीली और सिल्वर रंग की एसी कैब का न्यूनतम किराया भी बढ़ा दिया गया है। पहले 1.5 किलोमीटर के लिए 40 रुपये किराया लिया जाता था, जो अब बढ़कर 48 रुपये हो गया है।
गुरुवार को हुई एमएमआरटीए की बैठक में इस बढ़ोतरी को मंजूरी दी गई, जिससे मुंबई और आसपास के यात्रियों को अब अधिक किराया चुकाना पड़ेगा।
