ऑस्ट्रेलियाई टीम को चैंपियंस ट्रॉफी से पहले बड़ा झटका लगा है, क्योंकि अनुभवी बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। पहले ही पैट कमिंस और जोश हेजलवुड की गैरमौजूदगी से कमजोर हुई टीम को स्टार्क से काफी उम्मीदें थीं, लेकिन अब वो भी टीम का हिस्सा नहीं होंगे।
श्रीलंका के खिलाफ गाले में खेले गए टेस्ट मैच के दौरान स्टार्क ने केवल चार ओवर ही डाले थे, क्योंकि उन्हें अपने बाएं टखने में तकलीफ महसूस हो रही थी। हालांकि, उनके टूर्नामेंट से हटने का कारण निजी बताया जा रहा है।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने उनके इस फैसले का समर्थन किया है। चयन समिति के अध्यक्ष जॉर्ज बेली ने कहा कि स्टार्क ने हमेशा टीम के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ दिया है, और मुश्किल परिस्थितियों में खेलना जारी रखा है। उनका अनुभव निश्चित रूप से टीम को याद आएगा, लेकिन यह किसी नए खिलाड़ी के लिए खुद को साबित करने का बेहतरीन मौका भी हो सकता है।
अब ऑस्ट्रेलियाई टीम की कमान स्टीव स्मिथ के हाथों में होगी। टीम में सीन एबॉट, एलेक्स केरी, ट्रैविस हेड, मार्नस लाबुशेन, ग्लेन मैक्सवेल और एडम ज़म्पा जैसे खिलाड़ी शामिल हैं। वहीं, कूपर कॉनॉली को यात्रा रिजर्व के रूप में चुना गया है।
