प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ स्नान के लिए बिहार से भारी संख्या में श्रद्धालु रवाना हो रहे हैं। यूपी जाने वाली ट्रेनों में जबरदस्त भीड़ देखने को मिल रही है। पटना, भागलपुर, किऊल और जमालपुर समेत कई रेलवे स्टेशनों पर हर दिन हजारों यात्री प्रयागराज जाने के लिए उमड़ रहे हैं।
ट्रेनों में छठ और दिवाली से भी ज्यादा भीड़
आमतौर पर होली, छठ और दिवाली जैसे त्योहारों के दौरान ट्रेनों में भीड़ देखने को मिलती थी, लेकिन इस बार महाकुंभ के कारण स्थिति और भी गंभीर हो गई है। स्लीपर से लेकर एसी बोगियों तक में यात्रियों की भारी भीड़ है, जिससे सफर करना मुश्किल हो रहा है।
प्लेटफॉर्म पर हर तरफ भीड़, टिकट होने के बावजूद यात्री परेशान
पटना जंक्शन समेत कई रेलवे स्टेशनों पर श्रद्धालुओं की भीड़ हर कोने में नजर आ रही है। कुंभ स्पेशल ट्रेनों के अलावा नियमित ट्रेनें भी पूरी तरह भरी हुई हैं। कई यात्री टिकट होने के बावजूद अपनी ट्रेन में चढ़ नहीं पा रहे हैं, जबकि कुछ लोग भीड़ की वजह से अपने परिवार से बिछड़ रहे हैं।
ट्रेनों में चढ़ने के लिए अफरा-तफरी, परिवार से बिछड़े यात्री
शनिवार को जमालपुर स्टेशन पर 12367 अप भागलपुर-आनंद विहार विक्रमशिला सुपरफास्ट एक्सप्रेस में यही नजारा देखने को मिला। भीड़ की वजह से कई यात्री ट्रेन में चढ़ नहीं सके, तो कुछ लोगों की ट्रेन छूट गई। प्रयागराज जाने वाली लगभग हर ट्रेन में सीटों को लेकर मारामारी हो रही है।
रेलवे को करनी होगी विशेष व्यवस्था
इस अभूतपूर्व भीड़ को देखते हुए रेलवे को विशेष प्रबंध करने की जरूरत है, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा कर सकें। महाकुंभ में स्नान के लिए जाने का सिलसिला अभी भी जारी है और यह भीड़ कुछ और दिनों तक बनी रहने की संभावना है।
