दिल्ली की नई मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को बतौर सीएम हर महीने 1,70,000 रुपये सैलरी मिलेगी, जिसमें 60,000 रुपये उनकी बेसिक सैलरी होगी। इसके अलावा, उन्हें विभिन्न भत्ते दिए जाएंगे, जिनमें 30,000 रुपये विधानसभा भत्ता, 25,000 रुपये सचिवीय सहायता, 10,000 रुपये टेलीफोन भत्ता, 10,000 रुपये यात्रा भत्ता और 1,500 रुपये प्रतिदिन का दैनिक भत्ता शामिल है।
मुख्यमंत्री को एक सरकारी आवास मिलेगा, जिसमें सभी आवश्यक सुविधाएं मौजूद होंगी। इसके साथ ही, उन्हें सरकारी वाहन के लिए हर महीने 700 लीटर मुफ्त पेट्रोल मिलेगा, जबकि निजी वाहन के उपयोग पर 10,000 रुपये अतिरिक्त भत्ता मिलेगा। बिजली खपत के लिए उन्हें हर महीने 5,000 यूनिट मुफ्त बिजली की सुविधा दी जाएगी।
सीएम को सरकारी और रेफरल अस्पतालों में मुफ्त चिकित्सा सुविधा मिलेगी। उनके स्वास्थ्य की नियमित जांच के लिए डॉक्टरों का एक विशेष पैनल होगा। इसके अलावा, मुख्यमंत्री को लोन लेने की सुविधा भी दी जाएगी।
मंत्रिमंडल में विभागों का बंटवारा
रेखा गुप्ता ने अपने मंत्रिमंडल के सदस्यों को विभागों का आवंटन किया है। उन्होंने वित्त, सेवाएं, सतर्कता, राजस्व, महिला एवं बाल विकास सहित कुल 10 विभाग अपने पास रखे हैं। इसके अलावा, उनके पास सामान्य प्रशासन, भूमि एवं भवन, सूचना एवं जनसंपर्क और प्रशासनिक सुधार विभाग भी रहेगा।
अन्य मंत्रियों को निम्नलिखित विभाग सौंपे गए हैं:
प्रवेश वर्मा – PWD, जल, विधायी मामले, सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण, गुरुद्वारा मामले।
आशीष सूद – गृह, बिजली, शहरी विकास, शिक्षा।
कपिल मिश्रा – कानून एवं न्याय, श्रम एवं रोजगार, कला, संस्कृति, भाषा एवं पर्यटन।
मनजिंदर सिंह सिरसा – उद्योग, वन एवं पर्यावरण, खाद्य एवं आपूर्ति।
पंकज सिंह – स्वास्थ्य, परिवहन, सूचना प्रौद्योगिकी।
रवींद्र इंद्राज – सामाजिक कल्याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण, सहकारिता।
उपराज्यपाल वी. के. सक्सेना ने विभागों के इस बंटवारे को मंजूरी दे दी है।
