प्रयागराज में 45 दिनों तक चले महाकुंभ मेले 2025 का महाशिवरात्रि स्नान के साथ समापन हो गया। इस बार मेले में 66 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालुओं ने संगम में आस्था की डुबकी लगाई। देश-विदेश से आए भक्तों के बीच भव्य और सफल आयोजन को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बेहद प्रसन्न दिखे। उन्होंने प्रयागराज पहुंचकर महाकुंभ के सफल संचालन में योगदान देने वाले सफाईकर्मियों, स्वास्थ्य कर्मचारियों, नाव चालकों और रोडवेज के चालकों-परिचालकों को सम्मानित किया और कई बड़े ऐलान किए।
साफ-सफाई के लिए सीएम खुद उतरे मैदान में
प्रयागराज पहुंचने के बाद सीएम योगी ने घाट की सफाई का जायजा लिया और खुद ही कूड़ा उठाकर सफाई का संदेश दिया। इसके बाद उन्होंने संगम तट पर पूजा-अर्चना की और साइबेरियन पक्षियों को दाना भी खिलाया।
नाविकों को मिलेगा बीमा और आर्थिक सहायता
सीएम योगी ने नाविकों के लिए एक नई व्यवस्था की घोषणा की। अब सभी नाव चालकों को अनिवार्य रूप से पंजीकरण कराना होगा, जिसके बाद उन्हें 5 लाख रुपये का बीमा कवर मिलेगा। साथ ही, गरीब नाविकों को नाव खरीदने के लिए आर्थिक सहायता भी दी जाएगी। जिन नाविकों के पास स्वास्थ्य बीमा नहीं है, उन्हें आयुष्मान भारत योजना के तहत कवर किया जाएगा।
सफाई कर्मचारियों के लिए बड़ा इनाम
योगी आदित्यनाथ ने महाकुंभ के दौरान रात-दिन सफाई में लगे कर्मियों की प्रशंसा करते हुए ऐलान किया कि हर सफाईकर्मी को 10,000 रुपये का बोनस दिया जाएगा। इसके अलावा, अब उन्हें न्यूनतम वेतन 16,000 रुपये प्रति माह मिलेगा। साथ ही, स्वास्थ्य कर्मियों को भी न्यूनतम वेतन और आयुष्मान भारत योजना का लाभ दिया जाएगा।
रोडवेज कर्मचारियों को मिलेगा बोनस और सुविधाएं
सीएम योगी ने यूपी रोडवेज के चालकों और परिचालकों की मेहनत को सराहते हुए उन्हें 10,000 रुपये का बोनस देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि महाकुंभ में साढ़े 3 करोड़ यात्रियों को लाने-ले जाने में रोडवेज का योगदान सराहनीय रहा। साथ ही, उन्होंने वादा किया कि आने वाले समय में परिवहन विभाग के कर्मचारियों को बीमा, न्यूनतम वेतन और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ दिया जाएगा।
महाकुंभ की ऐतिहासिक सफलता
महाकुंभ 2025 ने हर मायने में एक नया इतिहास रचा। यह न केवल भक्तों की संख्या के मामले में भव्य था, बल्कि प्रशासनिक व्यवस्था, स्वच्छता और सुरक्षा के लिहाज से भी एक मिसाल बन गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इन घोषणाओं से मेले में योगदान देने वाले लोगों को बड़ा लाभ मिलेगा।
