दिल्ली में नाम बदलने की सियासत तेज, नजफगढ़ को नाहरगढ़ बनाने की मांग

दिल्ली की राजनीति में इन दिनों नाम बदलने को लेकर हलचल तेज हो गई है। बीजेपी विधायक नीलम पहलवान ने विधानसभा में नजफगढ़ का नाम बदलने का प्रस्ताव रखा है। उनका कहना है कि इस इलाके का ऐतिहासिक नाम “नाहरगढ़” था, जिसे मुगल शासक औरंगजेब के दौर में बदलकर “नजफगढ़” कर दिया गया था। विधायक नीलम पहलवान का मानना है कि नाहरगढ़ नाम से क्षेत्र की पहचान और गौरव बढ़ेगा, साथ ही विकास को भी नई दिशा मिलेगी।

सदन में अपनी बात रखते हुए उन्होंने यह भी बताया कि नजफगढ़ और उसके आसपास बुनियादी सुविधाओं की कमी है, खासकर महिलाओं के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति खराब है। उन्होंने मांग की कि यहां जच्चा-बच्चा केंद्र बनाए जाएं और क्षेत्र के विकास की ओर ध्यान दिया जाए।

इस चर्चा के बीच, दक्षिणी दिल्ली के आर.के. पुरम से बीजेपी विधायक अनिल शर्मा ने भी अपने क्षेत्र के महोमदपुर गांव का नाम बदलकर “माधवपुरम” करने का सुझाव दिया। इससे पहले मुस्तफाबाद विधानसभा के विधायक मोहन सिंह बिष्ट ने भी अपने इलाके का नाम बदलने की मांग की थी। उन्होंने इसे “शिवपुरी” या “शिव विहार” नाम देने का प्रस्ताव रखा था, यह तर्क देते हुए कि बहुसंख्यक समुदाय के हिसाब से नाम में बदलाव होना चाहिए।

दिल्ली में जगहों के नाम बदलने का यह मुद्दा लगातार गर्माता जा रहा है, और अब देखना होगा कि सरकार इस पर क्या फैसला लेती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *