रविवार रात हॉलीवुड में हल्का भूकंप आया, जिसकी तीव्रता 3.9 मापी गई। यह घटना तब हुई जब दुनिया के दिग्गज फिल्म सितारे 97वें ऑस्कर अवॉर्ड समारोह का जश्न मना रहे थे। डॉल्बी थिएटर में आयोजित इस भव्य समारोह के दौरान लोगों ने भूकंप के झटके महसूस किए।
अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, भूकंप का केंद्र उत्तरी हॉलीवुड में था और इसके झटके लॉस एंजिल्स के कई इलाकों में महसूस किए गए। यह भूकंप स्थानीय समयानुसार रात 10 बजे आया, जब कई लोग इमारतों को हिलते हुए देखने और कंपन महसूस करने की बात कह रहे थे।
हालांकि, राहत की बात यह रही कि भूकंप की तीव्रता कम थी, जिससे किसी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं मिली। सुनामी की कोई चेतावनी भी जारी नहीं की गई। लॉस एंजिल्स फायर डिपार्टमेंट ने पुष्टि की कि डाउनटाउन सहित शहर के कई हिस्सों में इसका असर देखा गया।
भूकंप पृथ्वी की टेक्टोनिक प्लेटों के खिसकने या टकराने से आता है। जब प्लेटों के बीच संचित ऊर्जा अचानक मुक्त होती है, तो भूकंपीय तरंगें फैलती हैं, जिससे धरती कांपने लगती है। इसके अलावा, ज्वालामुखी विस्फोट या खदानों में विस्फोट भी भूकंप का कारण बन सकते हैं।
